CG News : बुलडोजर कार्रवाई और बेदखली नोटिस के विरोध में रायप... - CG Sandesh

CG News : बुलडोजर कार्रवाई और बेदखली नोटिस के विरोध में रायपुर में प्रदर्शन, SUCI ने सरकार को घेरा

रायपुर : बिलासपुर, नवा रायपुर के नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई और दुर्ग-भिलाई में रेलवे किनारे बसे लोगों को मकान खाली करने के लिए दिए गए नोटिस के विरोध में SUCI कम्यूनिस्ट संगठन और प्रभावित परिवारों ने राजधानी रायपुर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई को जनविरोधी बताते हुए सरकार से तत्काल रोक लगाने और प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने की मांग की।

रायपुर कलेक्टोरेट स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के पास आयोजित प्रदर्शन में लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों से रह रहे लोगों को बिना पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था के बेदखल करना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान SUCI कम्यूनिस्ट संगठन और प्रभावित लोगों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय इन्हीं बस्तियों के लोगों से वोट मांगे जाते हैं, लेकिन बाद में उनके घरों को अवैध बताकर बेदखली की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने इसे गरीब और मजदूर वर्ग के साथ अन्याय बताया।

प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि बुलडोजर कार्रवाई पर रोक नहीं लगाई गई और प्रभावित परिवारों की मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

मुख्य मांगें

  • बुलडोजर कार्रवाई और बेदखली की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।
  • प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और पुनर्वास दिया जाए।
  • वर्षों से रह रहे लोगों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
  • बिना वैकल्पिक व्यवस्था के किसी भी परिवार को बेघर न किया जाए।


अन्य सम्बंधित खबरें