CG : रोपा लगवाने जा रहे मजदूरों से भरा तेज रफ्तार ट्रैक्टर प... - CG Sandesh

CG : रोपा लगवाने जा रहे मजदूरों से भरा तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलटा, दो महिलाओं की मौत, 5 घायल

बिलासपुर। जिले के हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खेत में रोपा लगवाने जा रहे मजदूरों से भरा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनकंट्रोल होकर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में मौके पर ही दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुड़पार गांव का आरोपी चंद्रशेखर पटेल लापरवाही और तेज गति से ट्रैक्टर चला रहा था, जिसमें कुल 19 लोग सवार होकर खेत में रोपा लगवाने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर सकर्रा सरपंच के नाम पर खरीदा गया था और सभी मजदूर सरपंच के ही खेत में काम करने के लिए जा रहे थे। ओवरस्पीड होने के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह भयावह हादसा पेश आया।

इस भयानक हादसे की चपेट में आने से बम्लेश्वरी निषाद और मथुरा निषाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। वहीं, इस दुर्घटना में अन्य 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद से पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें