Raipur : राहुल गांधी के आह्वान पर रायपुर में कांग्रेस का प्र... - CG Sandesh

Raipur : राहुल गांधी के आह्वान पर रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

रायपुर : कांग्रेस ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार रात रायपुर के आंबेडकर चौक (लोकभवन के सामने) विरोध प्रदर्शन किया। राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता, छात्र और युवा संगठन के सदस्य शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा में कथित अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने की मांग उठाई। साथ ही दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के बाद दर्ज की गई सभी एफआईआर वापस लेने की भी मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य की सुरक्षा करने में विफल रही है और परीक्षा व्यवस्था में हुई गड़बड़ियों पर जवाबदेही तय नहीं की जा रही। उनका कहना था कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन को देखते हुए आंबेडकर चौक और आसपास के क्षेत्र में पुलिस का भारी बल तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और स्थिति पर पुलिस लगातार नजर बनाए रही।

कांग्रेस के अनुसार, राहुल गांधी के आह्वान पर देशभर के राज्यों में राजभवन अथवा लोकभवन के सामने इसी तरह के विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी ने सभी प्रदेश कांग्रेस समितियों (PCC) को छात्र हितों के समर्थन में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा।
  • परीक्षा अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य के मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा।
  • छात्र प्रदर्शन के बाद दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने की मांग।


अन्य सम्बंधित खबरें