CG : सहारा इंडिया फ्रॉड का फरार ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने सहारा इंडिया निवेश घोटाले के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ को गिरफ्तार किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कोतवाली पुलिस ने आरोपी को कोतरारोड़ क्षेत्र से पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, सहारा इंडिया से जुड़े इस मामले में 3 हजार 848 निवेशकों से करीब 40 करोड़ 78 लाख रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। आरोप है कि निवेशकों को कंपनी की विश्वसनीयता और आरबीआई से अधिकृत होने का भरोसा दिलाकर रकम निवेश कराई गई, लेकिन मैच्योरिटी के बाद भी राशि वापस नहीं की गई। जांच में सहारा इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आई है। मामले में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और उनके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से कंपनी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और एमओयू की प्रतियां जब्त की हैं। पूछताछ के बाद विजय कुमार शराफ को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।