जांजगीर-चांपा : नकली 500 के नोट से शराब खरीदने की कोशिश, युव... - CG Sandesh

जांजगीर-चांपा : नकली 500 के नोट से शराब खरीदने की कोशिश, युवक गिरफ्तार; चार फर्जी नोट बरामद

जांजगीर-चांपा : जिले के अकलतरा में नकली नोट खपाने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी शराब दुकान में 500 रुपये के नकली नोट देकर शराब खरीदने पहुंचा था। दुकान कर्मचारियों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसका प्रयास विफल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से 500-500 रुपये के चार नकली नोट बरामद किए हैं।

घटना 20 जुलाई 2026 की है। अकलतरा स्थित देशी शराब दुकान से पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदिग्ध 500 रुपये के नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी की पहचान सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे (30 वर्ष), निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के चार संदिग्ध नोट बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामद नोटों की जांच स्टेट बैंक, अकलतरा में कराई, जहां सभी नोट नकली पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि चारों नोटों का सीरियल नंबर एक ही था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नकली नोट रायपुर से लाया था और उन्हें शराब दुकान में खपाने की कोशिश कर रहा था।

अकलतरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 423/2026 के तहत धारा 180 बीएनएस में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



अन्य सम्बंधित खबरें