कांग्रेस का धरना समाप्त, पुलिस के आश्वासन के बाद खत्म हुआ खम... - CG Sandesh

कांग्रेस का धरना समाप्त, पुलिस के आश्वासन के बाद खत्म हुआ खम्हारडीह थाने का घेराव

रायपुर : कांग्रेस नेताओं पर दर्ज एफआईआर और गैर-जमानती धाराओं के विरोध में खम्हारडीह थाने के बाहर चल रहा कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना समाप्त हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बीती रात से धरने पर बैठे थे। पुलिस प्रशासन की ओर से प्रमुख मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेस ने धरना खत्म करने की घोषणा की।

दरअसल, 22 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद कांग्रेस के 12 नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके विरोध में कांग्रेस ने खम्हारडीह थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू किया था।

कांग्रेस की मांग थी कि कांग्रेस भवन पर हमला करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ सात दिनों के भीतर एफआईआर दर्ज की जाए, घायल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मेडिकल कराकर दोषियों पर कार्रवाई हो तथा कांग्रेस नेताओं पर लगाई गई गैर-जमानती धाराओं की समीक्षा कर उन्हें हटाया जाए।

पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस द्वारा दिए गए आवेदन पर नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो आगे की रणनीति बनाकर दोबारा आंदोलन किया जाएगा।

वहीं, डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के आवेदन के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें