नकटी मामला: राज्यपाल को दोबारा ज्ञापन देगी कांग्रेस, प्रभावितों के लिए कानूनी लड़ाई का ऐलान
रायपुर : नकटी गांव बुलडोजर कार्रवाई मामले को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस नकटी प्रभावितों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में राज्यपाल को दोबारा ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही पीड़ितों की कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए पांच सदस्यीय विधि समिति का गठन किया जा रहा है।
कांग्रेस ने मांग की है कि बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित परिवारों को उसी स्थान पर आवास उपलब्ध कराया जाए और पूरे मामले की राजस्व ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
इस दौरान दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराने का आरोप भी लगाया। उन्होंने जंतर-मंतर में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश की जनता से माफी मांगने और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग दोहराई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस प्रभावित परिवारों के साथ मिलकर अपना आंदोलन और तेज करेगी।