CG News : रायपुर से राजनांदगांव तक कारगिल विजय दिवस की गूंज, शहीदों को श्रद्धांजलि और परिजनों का सम्मान
रायपुर : कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर राजधानी रायपुर से लगे ग्राम काँदुल में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद (छत्तीसगढ़) द्वारा भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल सहित विभिन्न युद्धों के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा शहीदों के परिजनों, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में शहीद लेफ्टिनेंट राजीव पांडे (वीर चक्र) की माता शकुंतला पांडे, शहीद कौशल यादव (वीर चक्र) की पत्नी निशा यादव, शहीद गनर चिरंजीव बघेल की माता कुमारी बघेल, शहीद मेजर एस.पी. डॉक्टर्स की माता भारती दत्ता, शहीद लेफ्टिनेंट पंकज विकम (सेना मेडल) के परिवार सहित कई शहीद परिवारों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा कारगिल योद्धा मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) संजय शर्मा, कर्नल जे.एस.एस. कक्कड़, ग्रुप कैप्टन सतीश मिश्रा तथा अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष मेजर प्रवीण सिंह भी मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वीर शहीदों को नमन करने के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कविता पाठ और वीर नारियों, वीर माताओं व पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया। इसी अवसर पर ग्राम काँदुल में प्रस्तावित निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ग्राउंड का भूमि पूजन भी किया गया। कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, स्कूली छात्र-छात्राएं, ग्रामीण और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
वहीं, राजनांदगांव में भी कारगिल विजय दिवस पर भूतपूर्व सैनिक कल्याण संगठन की ओर से गौरव स्थल पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडे, महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व सैनिक, एनसीसी-एनएसएस कैडेट, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
इस दौरान भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। सांसद संतोष पांडे ने कहा कि देश के सैनिक हर चुनौती का सामना करने के लिए सदैव तैयार हैं और भारत माता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने से पीछे नहीं हटेंगे।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पाकिस्तान को परास्त कर देश का गौरव बढ़ाया। वहीं भारतीय तैलिक राठौर महासभा की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष रेखा साहू ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में शामिल रहे भूतपूर्व सूबेदार मेजर राजेश शर्मा ने युद्ध के अनुभव साझा करते हुए बताया कि 3 मई से 26 जुलाई 1999 तक चले इस युद्ध में भारतीय सेना ने सभी महत्वपूर्ण चोटियों पर विजय प्राप्त की थी। उन्होंने बताया कि युद्ध में 527 भारतीय जवान शहीद हुए थे और 1,300 से अधिक सैनिक घायल हुए थे। समारोह में सभी वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।