टास्क फोर्स गठन पर पीएम पर बरसे दीपक बैज, बोले- युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों की अब उल्टी गिनती शुरू
रायपुर : प्रधानमंत्री द्वारा टास्क फोर्स के गठन और केंद्रीय मंत्रियों को सोशल मीडिया पर रील बनाने की सलाह दिए जाने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में युवाओं और किसानों को सड़कों पर आने के लिए मजबूर करने वाली नीतियों के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है।
दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री का टास्क फोर्स बनाना केवल जनाधार खोने के बाद राजनीतिक संतुलन बनाने की कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के युवाओं का भविष्य खराब हो चुका है और भ्रष्टाचार सिस्टम के भीतर बैठे लोग कर रहे हैं। बैज ने कहा कि Gen-Z ने सरकार को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया है और अब केवल टास्क फोर्स बनाने से कोई फायदा नहीं होने वाला।
रील बनाने की सलाह पर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने निशाना साधते हुए कहा कि इससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार दबाव में है। उन्होंने कहा कि देश की 65 प्रतिशत आबादी युवा है और यह वर्ग अपने अधिकारों के लिए लड़ना जानता है। उनके अनुसार, सोशल मीडिया पर रील पोस्ट करने से सरकार की नीतियों के प्रति जनता का असंतोष कम नहीं होगा। बैज ने दावा किया कि प्रधानमंत्री की "उल्टी गिनती" शुरू हो चुकी है।
इस दौरान दीपक बैज ने 29 जुलाई को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में सभी प्रदेश इकाइयों के साथ संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा होगी। अब तक हुए आंदोलनों की समीक्षा की जाएगी और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बारिश के बाद जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस व्यापक अभियान चलाएगी, जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। बैठक में संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।