निगम में विलय के छह साल बाद भी बुनियादी सुविधाओं का इंतजार, टैक्स वसूली पर रहवासियों में नाराजगी
बिलासपुर : नगर निगम सीमा में शामिल हुए पूर्व ग्राम पंचायत और नगर पंचायत क्षेत्रों के रहवासी छह साल बाद भी सड़क, नाली, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं का इंतजार कर रहे हैं। विकास कार्यों में देरी और नियमित टैक्स वसूली को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
शहर से लगे कई क्षेत्रों में बड़ी-बड़ी कॉलोनियां बस चुकी हैं, लेकिन टीएनसी से स्वीकृति नहीं मिलने का हवाला देकर नगर निगम आवश्यक विकास कार्य नहीं करा पा रहा है। दूसरी ओर इन क्षेत्रों से नियमित रूप से संपत्ति कर और अन्य टैक्स वसूले जा रहे हैं, जिससे रहवासियों में असंतोष है।
लगातार हो रही बारिश ने समस्याओं को और बढ़ा दिया है। सड़कों पर गड्ढों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित हो रहा है, जबकि कई इलाकों में स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि वे लगातार इन समस्याओं से निगम प्रशासन को अवगत करा रहे हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही।
रहवासियों ने मांग की है कि यदि स्थायी निर्माण कार्य फिलहाल संभव नहीं है, तो कम से कम सड़कों की अस्थायी मरम्मत और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इस संबंध में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि सभी जोन कार्यालयों को आवश्यक कार्यों के लिए राशि आवंटित कर निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, हालांकि कई क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर अब भी हालात में अपेक्षित सुधार देखने को नहीं मिला है।