गरियाबंद में शुरू हुआ 'साइंस ऑन व्हील्स' अभियान, 19 स्कूलों ... - CG Sandesh

गरियाबंद में शुरू हुआ 'साइंस ऑन व्हील्स' अभियान, 19 स्कूलों के छात्र-छात्राओं तक पहुंचेगी मोबाइल विज्ञान प्रयोगशाला

गरियाबंद : शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गरियाबंद से जिले में राष्ट्रीय अभियान "साइंस ऑन व्हील्स" की शुरुआत हुई। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इस पहल के तहत मोबाइल विज्ञान प्रयोगशाला जिले के 19 स्कूलों तक पहुंचेगी, जहां छात्र-छात्राओं को विज्ञान, अंतरिक्ष तकनीक, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने किया।

कार्यक्रम के दौरान मोबाइल विज्ञान प्रयोगशाला में छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान, स्पेस टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न मॉडल एवं प्रयोगों का प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षकों ने सरल और रोचक तरीके से विज्ञान की अवधारणाओं को समझाते हुए आधुनिक तकनीक के सकारात्मक उपयोग की जानकारी दी। यह अभियान जिले के 19 विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर पुलिस विभाग ने भी छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्हें ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया ठगी और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। साथ ही छात्राओं से अपील की गई कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर और डीएसपी लितेश सिंह ने विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सोच और डिजिटल जागरूकता आज के समय की आवश्यकता है।

पुलिस विभाग और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, नवाचार के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें डिजिटल युग की चुनौतियों से सुरक्षित रखते हुए भविष्य के लिए तैयार करना है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें