शराब के नशे में स्कूल पहुंचा प्रधान पाठक, ग्रामीणों ने की शिकायत… जांच में शिक्षक ने कबूला शराब सेवन
सरिया : सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया क्षेत्र के ग्राम राजपुर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ प्रधान पाठक पर शराब पीकर स्कूल आने का गंभीर आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल पहुंचते हैं और बच्चों को पढ़ाने के बजाय शराब के नशे में रहते हैं। इस मामले की शिकायत ग्रामीणों ने अधिकारियों से की, जिसके बाद जांच टीम स्कूल पहुंची।
ग्रामीणों के अनुसार, शासकीय प्राथमिक विद्यालय राजपुर के प्रधान पाठक सरोज भोए लंबे समय से शराब पीकर स्कूल आने को लेकर विवादों में हैं। आरोप है कि वे नशे की हालत में ही बच्चों की कक्षाएं लेते हैं और स्कूल आने वाले अभिभावकों से भी इसी स्थिति में मिलते हैं। शिक्षक के व्यवहार से नाराज कई पालकों ने अपने बच्चों के स्कूल से टीसी निकलवाना भी शुरू कर दिया है।
मंगलवार को भी जब प्रधान पाठक सरोज भोए कथित रूप से नशे की हालत में स्कूल पहुंचे तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। शिकायत मिलने के बाद शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सरिया के प्राचार्य ए. तिर्की अपनी टीम के साथ जांच के लिए मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों के बयान दर्ज किए और प्रधान पाठक से पूछताछ की। इस दौरान शिक्षक सरोज भोए ने शराब सेवन करने की बात स्वीकार की। इसके बाद जांच अधिकारी ने पंचनामा तैयार कर मामले की रिपोर्ट शासन को भेजने की बात कही है।
वहीं ग्रामीणों ने शिक्षक को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक प्रधान पाठक को स्कूल से नहीं हटाया जाता, तब तक वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिक्षक की लापरवाही से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।