Raipur : स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, मीटर पर चिपकाया ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’ का स्टिकर
रायपुर : राजधानी रायपुर में बढ़ती बिजली दरों और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कोटा क्षेत्र में कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर पर “महतारी वंदन वसूली मीटर” लिखे स्टिकर चिपकाकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की।
मनमोहन सिंह बक्शी वार्ड स्थित पार्षद कार्यालय में आयोजित प्रदर्शन में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय रहवासी शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार पर बिजली बिल बढ़ने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने क्षेत्रवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। रहवासियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल में बढ़ोतरी हुई है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए और उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिजली बिल से राहत दी जाए। वहीं स्मार्ट मीटर को लेकर अब राजधानी में सियासत तेज हो गई है।