गरियाबंद में पैंटोरा नाला उफान पर, छोटे वाहनों की आवाजाही बंद; छात्रावास के बच्चों को सुरक्षित किया गया शिफ्ट
गरियाबंद : जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार को पैंटोरा नाला उफान पर आ गया, जिसके चलते प्रशासन ने एहतियात के तौर पर छोटे वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। साथ ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पैंटोरा छात्रावास के विद्यार्थियों को बारूका स्थित छात्रावास में सुरक्षित स्थानांतरित किया गया है।
लगातार बारिश के कारण पैंटोरा नाला का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर तैनात है। लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और उफनते नालों को पार नहीं करने की सलाह दी जा रही है।
बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पैंटोरा छात्रावास के सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से बारूका हॉस्टल शिफ्ट कर दिया गया है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि छात्रावास का आधा सामान भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है, जबकि शेष सामान को भी जल्द स्थानांतरित किया जाएगा।
जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते कई नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रख रहा है और लोगों से अपील की है कि वे पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।