सरिया-राजपुर मार्ग की जर्जर सड़क बनी मुसीबत, सड़क किनारे कचरा डंप होने से ग्रामीणों में नाराजगी
सारंगढ़-बिलाईगढ़ (सरिया) : सरिया से राजपुर गांव जाने वाला मार्ग इन दिनों ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क की हालत बेहद खराब होने से लोगों को रोजाना आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के चलते जगह-जगह गड्ढों, उखड़ी सड़क और जलभराव ने हालात और भी बदतर कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। बाइक और साइकिल सवारों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा भी लगातार बना रहता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है।
ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली के साथ एक और गंभीर समस्या उठाई है। उनका आरोप है कि नगर पंचायत सरिया द्वारा राजपुर पहुंच मार्ग के किनारे कचरा डंप किया जा रहा है। कचरे के ढेर से उठ रही दुर्गंध के कारण राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कचरे का उचित निस्तारण नहीं किया गया तो संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
ग्राम राजपुर के जागरूक नागरिक भागीरथी साहू, सुभाष, सन्यासी, दीपेश, लोचन, भोलानाथ, गजानन, सहदेव, त्रिनाथ, धनेश, मदन, प्रेमानंद, बेलाल, दशरथ, महादेव सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से सरिया-राजपुर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने और सड़क किनारे डंप किए गए कचरे को हटाकर उचित स्थान पर निस्तारित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।