बिलासपुर सेंट्रल जेल में बड़ा हादसा, गैसीफायर प्लांट की भट्ठी में कूदने से उम्रकैद के कैदी की मौत
बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। डबल मर्डर मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी बिकेश उर्फ राहुल की जेल परिसर स्थित गैसीफायर प्लांट की गर्म भट्ठी में कूदने से मौत हो गई। घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह और जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच के निर्देश दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक कैदी जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह क्षेत्र का रहने वाला था और डबल मर्डर मामले में करीब 10 वर्षों से आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। बुधवार शाम करीब सवा चार बजे वह जेल परिसर में स्थित गैसीफायर प्लांट के पास पहुंचा और अचानक जलती भट्ठी में कूद गया। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि कैदी गैसीफायर प्लांट की गर्म भट्ठी में कूद गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कराई जा रही है।
वहीं, एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मामले की मर्ग जांच के साथ-साथ मजिस्ट्रियल जांच भी कराई जाएगी, ताकि घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि घटना के समय गैसीफायर प्लांट में खाना बनाया जा रहा था। कैदी वहीं कार्य करता था और अचानक दौड़कर गैसीफायर में कूद गया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन घटना के हर पहलू की जांच में जुटे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।