काम की मांग को लेकर मेला स्थल पहुंचीं महिलाएं, रोजगार नहीं मिलने पर जताया विरोध
रायगढ़ : सावित्री नगर में लगने वाले मेले में रोजगार को लेकर विवाद सामने आया है। पिछले वर्ष मेले में कार्यरत महिला कर्मचारियों ने वेतन भुगतान नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन किया था। इसी के बाद इस बार मेला प्रबंधन ने स्थानीय महिलाओं को सुरक्षा गार्ड के रूप में नियुक्त नहीं करने का निर्णय लिया।
इसकी जानकारी मिलते ही वर्षों से मेले में काम कर रही स्थानीय महिलाएं मेला स्थल पहुंचीं और संचालक से इसका कारण पूछा। महिलाओं का कहना है कि वे पिछले करीब 10 वर्षों से मेले में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाती आ रही हैं, लेकिन इस बार उन्हें बिना वजह काम से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से शिकायत करने की बात कही।
वहीं मेला संचालक ने सफाई देते हुए कहा कि स्थानीय महिलाओं को काउंटर संचालन समेत अन्य कार्यों में अवसर दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशिक्षित महिला गार्डों को अन्य जिलों से बुलाया गया है। उनका कहना है कि किसी कर्मचारी को हटाया नहीं जा रहा, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
फिलहाल रोजगार की मांग को लेकर स्थानीय महिलाओं में नाराजगी बनी हुई है। अब इस पूरे मामले में प्रशासन और मेला प्रबंधन के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।