नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान का शुभारंभ - CG Sandesh

नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान का शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के साथ रविवार को देशभर में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' संकल्प अभियान की शुरुआत हुई। छत्तीसगढ़ के एमसीबी और रायगढ़ जिलों में भी अभियान का शुभारंभ विभिन्न कार्यक्रमों के साथ किया गया। युवाओं को नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

एमसीबी में स्वास्थ्य मंत्री ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड स्थित पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, पोड़ीडीह में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना और नशामुक्ति की शपथ ली।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें हर प्रकार के नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशामुक्त रहने के साथ समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक देशभर में नशामुक्ति को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

रायगढ़ में 109 सप्ताह तक चलेगा अभियान

रायगढ़ में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्टोरेट परिसर स्थित सृजन सभाकक्ष में अभियान का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के. के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।

विशेषज्ञों और अधिकारियों ने मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार यह अभियान केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं है। अगले 109 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार जागरूकता अभियान, संवाद, शपथ, जनभागीदारी और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने और विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रशासन ने जिले के युवाओं से इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें