छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने लोक शिक्षण संचालनालय के समक्ष 11 सूत्रीय मांगें रखीं, समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर के संचालक को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश के शिक्षकों की लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है। संघ के प्रांताध्यक्ष संजय ठाकुर, कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी, महामंत्री मनोज राय, कोषाध्यक्ष गयाराम राजवाड़े एवं प्रमुख संगठन मंत्री ओंकार सिंह द्वारा हस्ताक्षरित इस ज्ञापन में कहा गया है कि "स्वाभिमानी शिक्षक ही स्वाभिमानी राष्ट्र का निर्माण कर सकता है"।
संघ ने मांग की है कि छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा भर्ती तथा पदोन्नति नियम-2026 के अनुसार 01.04.2026 की स्थिति में समस्त शैक्षिक संवर्गों की वरिष्ठता सूची के प्रकाशन के उपरांत शीघ्र पदोन्नति प्रदान की जाए। इसी क्रम में रायपुर संभाग के पूर्व माध्यमिक प्रधान पाठकों ई संवर्ग की लंबे समय से लंबित पदोन्नति भी शीघ्र की जाए। सहायक शिक्षक से लेकर प्राचार्य तक के सभी संवर्गों के लंबित समयमान वेतनमान का निराकरण भी अविलंब किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा टीईटी विभागीय स्तर पर आयोजित की जाए। 'जांच न मांग' के प्रकरणों का सेवानिवृत्ति के तीन माह पूर्व निस्तारण किया जाए तथा प्राचार्य पद पर हुई राज्य स्तरीय पदोन्नति में सेवानिवृत्त सेवकों को पत्र-पदोन्नति प्रदान की जाए। प्रधान पाठक से व्याख्याता बने शिक्षकों की वरिष्ठता निर्धारण में प्रधान पाठक के रूप में की गई सेवा अवधि को भी जोड़ा जाए।
संघ ने VSK ऐप की खामियों को दूर करने के बाद ही उसे लागू करने पर जोर दिया है और सुझाव दिया है कि इसके स्थान पर बायोमीट्रिक प्रणाली लागू की जाए। राज्य के अतिथि शिक्षकों की हड़ताल अवधि का वेतन जारी करने के साथ ही संविदा कर्मचारियों की भांति उन्हें भी समस्त सुविधाएं प्रदान करने की मांग की गई है। साथ ही शिक्षक एल.बी. ग्रंथपालों को शिक्षक एल.बी. संवर्ग में समायोजित करने तथा हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में शाला संचालन पूर्व की भांति प्रातःकालीन समय पर प्रारंभ करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने शासन से अपेक्षा की है कि शिक्षक हित से जुड़ी इन सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान किया जाए, जिससे प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।उक्त आशय की जानकारी प्रांतीय बैठक में सम्मलित होकर जिला अध्यक्ष अनिल पटेल ने दी है।