महासमुंद : कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं, संबंधित विभाग... - CG Sandesh

महासमुंद : कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं, संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

जनदर्शन में 66 आवेदन प्राप्त

कलेक्टर  विनय कुमार लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में कुल 66 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनदर्शन के दौरान ग्राम मोंगरा के दिव्यांग अशोक साहू भी अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर को बताया कि उनकी पुरानी ट्राइसिकल क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण उन्हें आवागमन एवं दैनिक कार्यों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दिव्यांग अशोक की समस्या को संवेदनशीलता से लेते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने तत्काल समाज कल्याण विभाग को नई ट्राइसिकल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निर्देश के अनुरूप अशोक साहू को नई ट्राइसिकल प्रदान की गई। 

ट्राइसिकल के मिलने पर उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। जनदर्शन में ग्राम पंचायत लोहारडीह के ग्रामीणों ने गांव तक पहुंच मार्ग तथा ग्राम के भीतर की सड़कों के डामरीकरण की मांग की। इस पर कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को आवश्यक एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम कछारडीह के ग्रामीणों ने कछारडीह बांध की नहर एवं गेट की मरम्मत कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। 

वहीं बसना विकासखंड के ग्राम बड़ेटेमरी निवासी  प्रेम कुमार साव ने कच्चे मकान के लिए आबादी पट्टा प्रदान करने की मांग की। ग्राम बिछिया के सरपंच ने गांव के पात्र परिवारों को आबादी पट्टा उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। कोमाखान तहसील के ग्राम भिलाईदादर के नोहर लाल साहू ने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई, जबकि सरायपाली तहसील के ग्राम मौहाडीपा के ग्रामीणों ने गांव को नवीन ग्राम पंचायत घोषित करने की मांग के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।

कलेक्टर  विनय कुमार लंगेह ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर  सचिन भूतड़ा, रवि साहू एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें