रक्षाबंधन पर डाक विभाग की खास तैयारी, राखियों की समय पर डिलीवरी के लिए स्पेशल व्यवस्था
रायपुर : रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए रायपुर जीपीओ ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। बहनों की राखी समय पर भाइयों तक पहुंचे, इसके लिए डाक विभाग ने स्पेशल काउंटर, पीले लेटर बॉक्स और वाटरप्रूफ लिफाफों की व्यवस्था की है।
रायपुर जीपीओ के अंतर्गत आने वाले सभी डाकघरों में रक्षाबंधन के लिए विशेष पीले लेटर बॉक्स लगाए गए हैं, जिन्हें अगले दो दिनों में सक्रिय कर दिया जाएगा। वहीं विदेशों में रहने वाले भाइयों के लिए रोजाना 15 से 30 राखी पार्सल बुक किए जा रहे हैं। इनमें कनाडा और अमेरिका समेत कई देशों के लिए डाक भेजी जा रही है।
राखियों को सुरक्षित रखने के लिए डाक विभाग ने मात्र 10 रुपये में विशेष वाटरप्रूफ एनवेलप की सुविधा भी शुरू की है। विभाग का कहना है कि रक्षाबंधन से जुड़ी डाक को प्राथमिकता के आधार पर भेजा जा रहा है, ताकि राखियां समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।