रायपुर रेलवे स्टेशन पर 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, होटल-ढाबों में सप्लाई की थी तैयारी
रायपुर : राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन पर खाद्य सुरक्षा विभाग और रेलवे की संयुक्त कार्रवाई में अमरकंटक एक्सप्रेस से लाई गई करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर की खेप जब्त की गई है। पनीर को 10 बड़े डिब्बों में भरकर भोपाल से रायपुर लाया गया था। अधिकारियों ने मौके पर नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप शहर के होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सप्लाई की जानी थी। अब खाद्य सुरक्षा विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि खेप किस व्यापारी ने मंगाई थी और इसकी आपूर्ति किन-किन स्थानों पर होनी थी।
प्रदेश में प्रतिबंध के बावजूद लगातार पकड़ी जा रही खेप
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने हाल ही में एनालॉग (नकली) पनीर के निर्माण और बिक्री पर एक वर्ष के लिए प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद रायपुर रेलवे स्टेशन से लगातार बड़ी मात्रा में संदिग्ध पनीर की खेप बरामद हो रही है। बीते दो दिनों में स्टेशन से करीब 600 किलो पनीर जब्त किया जा चुका है। इससे पहले 100 किलो पनीर की खेप बिना बुकिंग के अंबिकापुर भेजने की तैयारी के दौरान पकड़ी गई थी।
बिना बारकोड और लेबल के पहुंची थी खेप
अंबिकापुर भेजी जा रही 100 किलो पनीर की खेप पर न तो रेलवे का अधिकृत लेबल था और न ही कोई बारकोड। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि बिना बुकिंग के इतनी बड़ी मात्रा में सामान प्लेटफॉर्म तक कैसे पहुंचा। मामले में रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए सैंपल
सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी विनोद गुप्ता और संतोष ध्रुव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पनीर के सैंपल लिए और पूरी खेप को जब्त कर लैब परीक्षण के लिए भेज दिया। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जब्त किया गया पनीर मानकों के अनुरूप है या नकली अथवा मिलावटी।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल विभाग खेप के स्रोत, सप्लाई चेन और संबंधित व्यापारियों की पहचान करने में जुटा है। यदि जांच में पनीर मिलावटी या प्रतिबंधित श्रेणी का पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।