'क्या देशभक्ति गाने पर भी लगेगा शुल्क?' तिरंगा शक्ति फेस्ट के रजिस्ट्रेशन फीस पर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने उठाए सवाल
रायपुर : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित किए जा रहे 'तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026' में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के लिए निर्धारित पंजीयन शुल्क को लेकर रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि देशभक्ति गीत, नृत्य और अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए ₹249 से ₹599 तक का शुल्क लेना उचित नहीं है।
आकाश तिवारी ने कहा कि जब आयोजन नगर निगम, कला केंद्र और अन्य शासकीय संस्थाओं के सहयोग से किया जा रहा है, तब आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों से पंजीयन शुल्क लेना आम नागरिकों के साथ अन्याय है। उनके अनुसार, स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर हर बच्चे को बिना किसी आर्थिक बाधा के अपनी प्रतिभा और राष्ट्रभक्ति प्रदर्शित करने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने आशंका जताई कि शुल्क निर्धारण के कारण कई प्रतिभाशाली लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर बच्चे प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, जिससे आयोजन का उद्देश्य प्रभावित होगा। साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि पंजीयन शुल्क तय करने के लिए क्या नगर निगम की सामान्य सभा, कला केंद्र संचालन समिति या राज्य शासन से आवश्यक अनुमति ली गई है।
आकाश तिवारी ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वे कांग्रेस परिषद में संस्कृति विभाग के अध्यक्ष थे, तब नगर निगम के इतिहास में पहली बार इस प्रकार के देशभक्ति कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। उस समय राजधानी के सभी 70 वार्डों के बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रतियोगिता पूरी तरह निःशुल्क रखी गई थी। प्रतिभागियों का सम्मान भी किया गया था और उसी मंच से एक प्रतिभागी आगे चलकर इंडियन आइडल तक पहुंचा, जो रायपुर नगर निगम के लिए गौरव का विषय बना।
उन्होंने कहा कि आज देशभक्ति गीतों पर भी शुल्क लिया जाना आयोजन की सोच पर सवाल खड़ा करता है।
नेता प्रतिपक्ष ने मांग की है कि यदि यह आयोजन शासकीय सहयोग से हो रहा है, तो विद्यालयी विद्यार्थियों, सरकारी स्कूलों के बच्चों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभागियों के लिए पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क किया जाए।