बसना : दो दिवसीय सावन झूला महोत्सव एवं श्री जगन्नाथ झूलन रथयात्रा 8–9 अगस्त को, तैयारियां पूर्ण
रूपानंद साव @बंसुला डीपा
07अगस्त, शुक्रवार बसना (महासमुंद)। ग्राम बंसुला डीपा में धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा का भव्य संगम एक बार फिर देखने को मिलेगा।
नौवें वर्ष के अवसर पर बंसुला डीपा रथयात्रा समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय श्री जगन्नाथ झूलन रथयात्रा एवं सावन झूला महोत्सव मेला का आयोजन श्रावण कृष्ण पक्ष दशमी, शनिवार 8 अगस्त 2026 तथा श्रावण कृष्ण पक्ष एकादशी, रविवार 9 अगस्त 2026 को किया जाएगा।
रथयात्रा समिति के सक्रिय सदस्यों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दोनों दिनों में दोपहर 2:00 बजे से भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा प्रारंभ होगी। श्रद्धालु पूरे श्रद्धाभाव के साथ रथ खींचकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। रथयात्रा के साथ भक्ति, सेवा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
बसना मुख्यालय से दक्षिण पश्चिम दिशा में एक किमी दुरी पर पक्की सड़क किनारे आयोजन स्थल रुद्रा खेल मैदान, बंसुला डीपा (आईटीआई प्रशिक्षण केंद्र के सामने)रथयात्रा मेला निर्धारित किया गया है, जहां विशाल मेला, धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
08 अगस्त (शनिवार) को सुप्रसिद्ध संचार बाहकों द्वारा भक्तिमय प्रस्तुति दी जाएगी, जबकि 9 अगस्त (रविवार) को ओडिशा एवं आसपास के क्षेत्रों से आमंत्रित प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भव्य कीर्तन की रसधारा बहेगी। दोनों दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रथयात्रा समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित आयोजन में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के रथ को खींचने का सौभाग्य प्राप्त करें, सावन झूला महोत्सव एवं मेले का आनंद लें तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाएं। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का भी दावा किया है।