रेल पुल निर्माण के चलते कई ट्रेनों पर असर, बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस दो दिन रहेगी रद्द
बिलासपुर : पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में राजेन्द्र पुल–दीनकर ग्राम सिमरिया स्टेशनों के बीच नए रेल पुल को दोहरीकरण परियोजना से जोड़ने और दीनकर ग्राम सिमरिया–बरौनी के बीच मुख्य लाइन कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग एवं नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इस कार्य के चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे के अनुसार 25 सितंबर और 2 अक्टूबर 2026 को चलने वाली 22843 बिलासपुर–बक्सर एक्सप्रेस तथा 26 सितंबर और 3 अक्टूबर 2026 को चलने वाली 22844 बक्सर–बिलासपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
इसके अलावा 17007 चर्लपल्ली–दरभंगा एक्सप्रेस 26 और 29 सितंबर को अपने निर्धारित मार्ग के बजाय किउल–मुंगेर–बरौनी होकर दरभंगा पहुंचेगी। वहीं 17008 दरभंगा–चर्लपल्ली एक्सप्रेस 25 और 29 सितंबर तथा 2 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग किउल–मुंगेर–बरौनी के रास्ते संचालित की जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि रद्द और परिवर्तित मार्ग से संचालित होने वाली ट्रेनों के कारण किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।