जमीन विवाद में घर में घुसकर दंपती से मारपीट, सरपंच समेत 9 लोगों पर FIR दर्ज
बिलासपुर : जिले के सीपत थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर दंपती से मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने गांव के सरपंच समेत 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित लखनलाल साहू, निवासी ग्राम गुड़ी छुईहापारा, ने शिकायत में बताया कि 29 जुलाई की रात बिजली गुल होने के दौरान वह घर में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी प्रतिमा पशुओं को चारा दे रही थीं। इसी दौरान जमीन विवाद को लेकर सरपंच दुर्गा प्रसाद साहू सहित कुछ लोग उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर पति-पत्नी के साथ लाठी, पाइप, चैन तथा लात-घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद विवाद शांत हुआ।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ भी की, जिससे आलमारी, कूलर, टीवी और सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद लखनलाल साहू ने एसएसपी रजनेश सिंह से शिकायत की, जिसके बाद मामले की जांच के निर्देश दिए गए।
जांच के उपरांत सीपत पुलिस ने सरपंच दुर्गा प्रसाद साहू, जगेश्वर साहू, नरोत्तम साहू, शुभम साहू, रेवती साहू, लक्की साहू, लल्लन साहू, गंभरू विश्वकर्मा और पूजा साहू सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।