3 करोड़ से ज्यादा का पुल स्वीकृत, फिर भी बांस के जुगाड़ पुल ... - CG Sandesh

3 करोड़ से ज्यादा का पुल स्वीकृत, फिर भी बांस के जुगाड़ पुल से नदी पार कर रहे ग्रामीण

महासमुंद : जिले के बसना विकासखंड के छिर्राबहारा गांव से सरकारी दावों और जमीनी हकीकत को आईना दिखाती तस्वीर सामने आई है। करीब 700 की आबादी वाले इस गांव में बारिश के दिनों में ग्रामीणों को उफनती नदी पार करने के लिए बांस और बल्लियों से बनाए गए अस्थायी पुल का सहारा लेना पड़ रहा है।

गांव में नदी पर पक्के पुल के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 301.68 लाख रुपये यानी करीब 3 करोड़ 1 लाख रुपये की राशि स्वीकृत है। प्रस्तावित पुल की लंबाई 45 मीटर बताई गई है। निर्माण कार्य शुरू करने की निर्धारित तारीख 1 अप्रैल 2026 थी, लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक अब तक निर्माण की रफ्तार बेहद धीमी है और पुल की नींव तक का काम पूरा नहीं हो सका है।

बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ जाती है। बच्चों को स्कूल जाने, ग्रामीणों को बाजार और अस्पताल पहुंचने के लिए इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। ऐसे में बांस और लकड़ी से बना अस्थायी पुल हादसे का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब पुल के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है और निर्माण की तारीख भी तय है, तो आखिर पक्का पुल अब तक क्यों नहीं बन पाया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

मामले में ग्रामीणों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से जल्द से जल्द पुल का काम पूरा कराने की मांग की है। वहीं स्थानीय विधायक चातुरी नन्द ने भी ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेने की बात कही है।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें