पेलमा परियोजना प्रभावितों के पुनर्वास को लेकर कलेक्टर ने दिए जरूरी निर्देश
रायगढ़ : एसईसीएल की पेलमा ओपन कास्ट परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, पुनर्व्यवस्थापन और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला स्तरीय पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट के सृजन सभाकक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने की।
बैठक में पेलमा, उरबा, लालपुर, मड़वाडूमर, सकता, मिलूपारा, खर्रा, हिन्झर और जरहिडीह सहित नौ प्रभावित गांवों की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को शासन की नीतियों और संबंधित अधिनियमों के तहत पात्रता के अनुसार सभी लाभ सुनिश्चित किए जाएं।
पुनर्व्यवस्थापन के लिए उपयुक्त शासकीय भूमि का चिन्हांकन करने के साथ ही पुनर्वास स्थल तय करने से पहले संबंधित ग्रामवासियों की सहमति और सुझाव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि पुनर्वास की प्रक्रिया केवल भूमि अधिग्रहण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रभावित परिवारों के सामाजिक और आर्थिक पुनर्व्यवस्थापन पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
रोजगार के मुद्दे पर कलेक्टर ने कोल इंडिया लिमिटेड की पुनर्वास नीति के तहत लागू डिसेंडिंग ऑर्डर और क्लबिंग कॉन्सेप्ट का तुलनात्मक परीक्षण कर प्रभावित परिवारों के लिए अधिक लाभकारी व्यवस्था अपनाने के निर्देश दिए।
वहीं हिन्झर और जरहिडीह गांवों में कम सर्किल रेट को देखते हुए एसईसीएल को प्रभावित परिवारों के लिए अतिरिक्त पुनर्वास लाभ देने की दिशा में पहल करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर रवि राही, एसडीएम प्रवीण तिवारी, एसईसीएल के अधिकारी, समिति के सदस्य और संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्रामीण मौजूद रहे।