उफनते बरघाट नाले में बहा युवक, ढाई घंटे पेड़ की डाल पकड़कर बचाई जान; स्थानीय युवकों ने किया रेस्क्यू
बलौदाबाजार : जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच कसडोल क्षेत्र के बरघाट नाले में एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। गनीमत रही कि युवक बहते हुए एक पेड़ के पास पहुंच गया और उसकी डाल पकड़कर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। करीब ढाई घंटे तक युवक पेड़ की डाल पकड़े तेज बहाव के बीच फंसा रहा।
जानकारी के मुताबिक युवक सिद्धबाबा जलप्रपात से लौट रहा था। बरघाट नाला पार करने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। कुछ दूर बहने के बाद उसने एक पेड़ की डाल पकड़ ली और उसी के सहारे पानी के तेज बहाव के बीच जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष करता रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कसडोल पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान असनींद गांव के कुछ स्थानीय युवकों ने युवक को बचाने के लिए रेस्क्यू शुरू किया।
स्थानीय युवकों ने रस्सी के सहारे उफनते नाले में उतरकर पेड़ तक पहुंच बनाई। काफी मशक्कत के बाद पेड़ पर फंसे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते हुए किए गए इस साहसिक रेस्क्यू के चलते युवक की जान बच गई।
बारिश के मौसम में हुई इस घटना ने एक बार फिर उफनते नदी-नालों को पार करने के जोखिम को सामने ला दिया है। तेज बारिश के दौरान नदी-नालों में पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहें।