बड़ी वारदात से पहले महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियारब... - CG Sandesh

बड़ी वारदात से पहले महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियारबंद अंतरराज्यीय गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद : बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हथियारबंद अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान बसना पुलिस ने मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के 4 आरोपियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का देशी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा 3 लाख 25 हजार रुपये नकद और 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

करीब 15 लाख की कार भी जब्त

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 15 लाख रुपये कीमत की बिना नंबर मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार भी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से जब्त कुल संपत्ति की कीमत करीब 19 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।

गांजा खरीदने ओडिशा पहुंचे थे आरोपी

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गांजा खरीदने के लिए ओडिशा के बलांगीर पहुंचे थे। हालांकि वहां सप्लायर से संपर्क नहीं हो सका, जिसके बाद आरोपी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पलसापाली बैरियर पर पुलिस की नाकाबंदी में संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस मिलने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, हथियार के स्रोत और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई से संभावित बड़ी वारदात को समय रहते रोकने का दावा किया गया है।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें