महासमुंद : प्रधानमंत्री आवास योजना से हर पात्र परिवार का हो ... - CG Sandesh

महासमुंद : प्रधानमंत्री आवास योजना से हर पात्र परिवार का हो अपना पक्का आशियाना : विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा

महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केंद्र एवं राज्य की डबल इंजन सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इस योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराकर उनके अपने आशियाने का सपना पूरा करना है।

विधायक ने पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे योजना का लाभ लेने के लिए अपना पंजीयन अवश्य कराएं। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत सचिव तथा शहरी क्षेत्रों में नगर पंचायत/नगर पालिका परिषद में आवश्यक दस्तावेज जमा कर प्रक्रिया पूरी करें। पात्रता एवं स्वीकृति के बाद आवास निर्माण के लिए निर्धारित किस्तों में राशि उपलब्ध कराई जाती है।

उन्होंने बताया कि आवास निर्माण की विभिन्न अवस्थाओं के अनुसार प्रथम किस्त ₹50 हजार, द्वितीय किस्त ₹1 लाख, तृतीय किस्त ₹50 हजार तथा कार्य पूर्ण होने पर ₹50 हजार की राशि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्राप्त होती है। इसके अतिरिक्त, निर्धारित समय-सीमा में आवास पूर्ण करने वाले पात्र हितग्राहियों को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि का भी प्रावधान है।

विधायक सिन्हा ने कहा कि “सरकार चाहती है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे। पात्रता रखने वाले परिवार आगे आएं, अपना पंजीयन कराएं, आवश्यक दस्तावेज जमा करें और योजना का लाभ लेकर अपने परिवार के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक आशियाना बनाएं।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान बनाने की योजना नहीं, बल्कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सम्मान लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से भी अपील की कि पात्र हितग्राहियों को योजना की जानकारी देकर आवेदन एवं पंजीयन की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

“हर पात्र परिवार का सपना—अपना पक्का मकान, सुरक्षित परिवार और खुशहाल जीवन” के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उठाने की अपील विधायक ने क्षेत्रवासियों से की है।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें