महासमुंद पुलिस की कार्रवाई: शराब और गांजा तस्करी पर शिकंजा, 5 आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद पुलिस ने अवैध शराब और गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शराब के चार अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घोड़ारी-बिरकोनी रोड, महानदी ढाबा, तुमाडबरी और बरबसपुर चौक में कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 21.780 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 12 हजार 340 रुपये है। शराब परिवहन में इस्तेमाल 3 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की गई। कुल जब्ती करीब 1 लाख 22 हजार 340 रुपये की है।
वहीं कोमाखान पुलिस ने टेमरी जांच नाका पर कार्रवाई करते हुए 23 किलो 270 ग्राम गांजा बरामद किया। इसकी कीमत करीब 11 लाख 63 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने स्कूटी सवार अमित साहू को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी शंकर यादव मौके से फरार हो गया।
पूछताछ में गांजा ओडिशा के बौद्ध से रायपुर ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने गांजा, स्कूटी और मोबाइल समेत कुल 12 लाख 43 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों मामलों में आबकारी एक्ट और NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।