आईआईटी दिल्ली के प्रोफेसर डॉ. एच. के. मलिक ने विद्यार्थियों को चार्ज डायनेमिक्स एवं आधुनिक तकनीक से कराया परिचित
शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, रायपुर के भौतिकी विभाग द्वारा विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीकी विकास की नवीन अवधारणाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय आमंत्रित व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईआईटी दिल्ली के प्रोफेसर डॉ. एच. के. मलिक मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
प्रोफेसर डॉ. एच. के. मलिक ने “चार्ज डायनेमिक्स से प्रौद्योगिकी की ओर अग्रसर” (Charge Dynamics Leading to Technology) विषय पर अत्यंत रोचक एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। उन्होंने आवेशों की गतिशीलता की मूलभूत अवधारणाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए इसके विभिन्न वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुप्रयोगों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को शोध, नवाचार एवं नई तकनीकों के क्षेत्र में निरंतर सीखने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजलि भटनागर ने कहा कि प्रतिष्ठित संस्थान के विशेषज्ञ को विद्यार्थियों के बीच आमंत्रित करना उनके अकादमिक एवं बौद्धिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं और शोध के अवसरों से परिचित कराने वाला बताया तथा भौतिकी विभाग की पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के समन्वयक एवं भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश जाधव ने कहा कि भौतिकी और आधुनिक तकनीकी विकास एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि व्याख्यान का उद्देश्य विद्यार्थियों को विषय की नवीनतम अवधारणाओं एवं उनके तकनीकी अनुप्रयोगों से अवगत कराना तथा उनमें शोध एवं नवाचार के प्रति रुचि विकसित करना है।
कार्यक्रम में एम.एससी. भौतिकी, एम.एससी. गणित एवं बी.एससी. गणित समूह के विद्यार्थियों के साथ महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. मंजू वर्मा, डॉ. अंजलि चंद्रवंशी, डॉ. भुवनेश्वरी वर्मा, डॉ. रूपशिखा अग्रवाल सहित अन्य प्राध्यापकगण एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। अंत में डॉ. लखपति पटेल, सहायक प्राध्यापक, भौतिकी विभाग ने आभार प्रदर्शन किया।