छत्तीसगढ़ कॉलेज में 18 अगस्त को भव्य दीक्षारंभ कार्यक्रम, NEP 2020 से परिचित होंगे नवप्रवेशित छात्र
रायपुर। शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, रायपुर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनके महाविद्यालयीन जीवन की नई शुरुआत को यादगार बनाने के उद्देश्य से आज 18 अगस्त को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत भव्य दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक एवं महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) समिति द्वारा किया जा रहा है।
NEP समिति एवं दीक्षारंभ कार्यक्रम के संयोजक तथा समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. संजय चंद्राकर ने बताया कि दीक्षारंभ कार्यक्रम केवल नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं एवं विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराकर उनके महाविद्यालयीन जीवन की मजबूत नींव तैयार करना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप पाठ्यक्रम, विषय चयन, अध्ययन व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली एवं अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं बहुआयामी विकास पर जोर देती है। इसी भावना के अनुरूप विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ कौशल विकास, अनुशासन, रचनात्मकता, सामाजिक दायित्व एवं व्यक्तित्व विकास के विभिन्न अवसरों से जोड़ा जाएगा। विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री सुनील सोनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजली भटनागर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री रामनारायण व्यास विशेष अतिथि तथा कॉलेज एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री मृत्युंजय दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
दीक्षारंभ कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की प्रमुख विशेषताओं, पाठ्यक्रम संरचना एवं विद्यार्थियों को मिलने वाले विभिन्न शैक्षणिक अवसरों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न प्रकोष्ठों, उपलब्ध संसाधनों, पुस्तकालय, विद्यार्थी सुविधाओं एवं विद्यार्थियों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं से भी उन्हें अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्वशासी प्रकोष्ठ द्वारा विद्यार्थियों को परीक्षा प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसमें क्रेडिट सिस्टम, परीक्षा पद्धति, मूल्यांकन प्रक्रिया, पाठ्यक्रम एवं परीक्षा से संबंधित आवश्यक नियमों के बारे में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को समझाया जाएगा, ताकि विद्यार्थी प्रारंभ से ही महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं परीक्षा व्यवस्था से भली-भांति परिचित हो सकें।
इसके अलावा विद्यार्थियों को एनसीसी, एनएसएस, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, साहित्यिक गतिविधियों एवं अन्य सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना, सामाजिक जिम्मेदारी एवं आत्मविश्वास विकसित करने के महत्व को रेखांकित किया जाएगा। विद्यार्थियों को यह भी बताया जाएगा कि महाविद्यालयीन जीवन में पढ़ाई के साथ इन गतिविधियों में सहभागिता उनके व्यक्तित्व एवं भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
डॉ. संजय चंद्राकर ने बताया कि महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए यह कार्यक्रम उनके नए शैक्षणिक सफर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। दीक्षारंभ के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया जाएगा कि महाविद्यालयीन शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा उत्तीर्ण कर डिग्री प्राप्त करना नहीं है, बल्कि ज्ञान, कौशल, अनुशासन एवं संस्कारों के साथ एक जिम्मेदार, आत्मनिर्भर एवं सक्षम नागरिक के रूप में स्वयं को तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम विद्यार्थियों और महाविद्यालय के बीच एक मजबूत शैक्षणिक एवं भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा अपने भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर महाविद्यालय में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नवप्रवेशित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है। महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। दीक्षारंभ कार्यक्रम नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।