अकेली महिलाओं का साइकिल से पीछा करता था आरोपी, दुष्कर्म के ब... - CG Sandesh

अकेली महिलाओं का साइकिल से पीछा करता था आरोपी, दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या का खुलासा

रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और एक अन्य महिला से मारपीट के दो अलग-अलग मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने सेजबहार निवासी 29 वर्षीय देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अकेली महिलाओं को देखकर साइकिल से उनका पीछा करता था और मौका पाकर उन्हें निशाना बनाता था।

पुलिस के अनुसार 21 जुलाई 2026 को न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लॉट में भरे पानी से एक महिला का शव बरामद हुआ था। महिला के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से श्वास अवरुद्ध होना मौत का कारण बताया गया। इसके बाद मुजगहन थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वहीं 5 अगस्त को सेजबहार क्षेत्र में एक महिला से मारपीट की घटना सामने आई थी। पीड़िता के मुताबिक रात करीब 8:30 बजे घर जाते समय एक अज्ञात युवक उसका पीछा कर रहा था। आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए महिला को नाली में धक्का दिया और मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।

दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आठ से अधिक टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने घटनास्थलों के साथ आसपास के रास्तों और इलाकों में लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा पुराने आपराधिक मामलों में शामिल आरोपियों और हाल ही में जेल से बाहर आए संदिग्धों की गतिविधियों की भी जांच की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सेजबहार निवासी देवेन्द्र कुमार साहू के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला की हत्या और दूसरी महिला से मारपीट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला को अकेले जाते हुए देखा और साइकिल से उसका पीछा किया। इसके बाद उसके साथ झूमाझटकी कर उसे घटनास्थल के पास पानी में ले गया। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर गला दबाकर तथा उसके मुंह और नाक को पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मृतिका का मोबाइल लेकर साइकिल से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त साइकिल और घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। इन बरामद वस्तुओं को जांच में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। मुजगहन थाने में वर्ष 2017 में दर्ज दुष्कर्म, पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं के मामले में न्यायालय ने उसे 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। इसके अलावा वर्ष 2025 में टिकरापारा थाने में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।

पुलिस ने देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला, पिता तुकाराम साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी सेजबहार आमापारा, थाना मुजगहन, जिला रायपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर

पीजी पोर्टल में शिकायत के बाद भी नहीं मिल रहा न्याय, जाँच प्रणाली में सुधार की आवश्यकता, आजादी के 79 साल बाद भी शिकायत के जाँच में स्वतंत्रता नही.


अन्य सम्बंधित खबरें