खदान क्षेत्र में गुंडागर्दी का आरोप, ट्रेलर मालिक संघ ने एसएसपी से की शिकायत
रायगढ़ : जिले के बरौद, बिजारी और जामपाली खदान क्षेत्र में वाहन चालकों को कथित रूप से धमकाने, विवाद करने और झूठी शिकायतें किए जाने का आरोप लगाते हुए रायगढ़ जिला ट्रेलर मालिक कल्याण संघ ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी शशि मोहन सिंह को लिखित शिकायत सौंपी है।
संघ ने घरघोड़ा निवासी महेंद्र चौधरी, सोनू गुप्ता सहित अन्य लोगों पर खदान क्षेत्र में दबंगई करने और वाहन चालकों के साथ विवाद करने का आरोप लगाया है। संघ के मुताबिक, इस संबंध में पहले भी पुलिस से शिकायत की जा चुकी है।
संघ ने शिकायत में बताया कि 18 अगस्त को करीब 200 वाहन खदान क्षेत्र में लाइन में खड़े थे। इसी दौरान महेंद्र चौधरी अपनी करीब 15 गाड़ियों के साथ लोडर की मदद से नया रास्ता बनाकर खदान गेट तक पहुंचने का प्रयास कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान लाइन में खड़े वाहन चालकों को धमकाया गया और निर्धारित लाइन व्यवस्था को तोड़कर वाहनों को अंदर ले जाने की कोशिश की गई।
संघ के अनुसार, लाइन व्यवस्था में लगे अश्विनी नामक व्यक्ति ने वाहनों को निर्धारित लाइन में लगाने के लिए कहा, जिसके बाद विवाद की स्थिति बनी। इसके बाद अश्विनी, दिलीप मिश्रा और सतीश चौबे के खिलाफ थाने में शिकायत किए जाने की बात कही गई है। संघ ने सतीश चौबे की मौके पर मौजूदगी को लेकर साक्ष्य होने का भी दावा किया है।
ट्रेलर मालिक संघ ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। संघ ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग, वाहनों की ट्रिप रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही खदान क्षेत्र में वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।