अफ्रीकन स्वाइन फीवर के बीच जैव-सुरक्षा में लापरवाही, खुले में फेंके PPE किट
महासमुंद : जिले के ग्राम छिलपावन में अफ्रीकन स्वाइन फीवर की पुष्टि के बाद प्रशासन संक्रमण की रोकथाम के लिए सख्ती बरत रहा है। इसी बीच पशु चिकित्सा विभाग की सैंपलिंग टीम द्वारा इस्तेमाल किए गए दस्ताने, मास्क और कैप खुले में फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना ने संक्रमण नियंत्रण और जैव-सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
1 किलोमीटर क्षेत्र इन्फेक्टेड जोन, 10 किलोमीटर तक सर्विलेंस
प्रशासन ने छिलपावन के एक किलोमीटर क्षेत्र को इन्फेक्टेड जोन और एक से 10 किलोमीटर तक के क्षेत्र को सर्विलेंस जोन घोषित किया है। इन्फेक्टेड जोन से सूकर और सूकर उत्पादों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है, जबकि सर्विलेंस जोन में सूकरों से जुड़े बाजार और दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खुले में फेंके सुरक्षा उपकरण
इसी बीच छिलपावन में सैंपल लेने पहुंची टीम द्वारा इस्तेमाल किए गए दस्ताने, मास्क और कैप खुले में फेंके जाने की बात सामने आई। अफ्रीकन स्वाइन फीवर जैसी संक्रामक बीमारी के बीच इस्तेमाल किए गए सुरक्षा उपकरणों का सुरक्षित तरीके से निस्तारण नहीं होना चिंता का विषय है। इससे जैव-सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों और पशुपालकों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। वहीं, पशु चिकित्सा विभाग की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर बनी हुई है।