महासमुंद को 31.60 करोड़ की सौगात, सड़कों को लेकर कांग्रेस ने... - CG Sandesh

महासमुंद को 31.60 करोड़ की सौगात, सड़कों को लेकर कांग्रेस ने दिखाए काले झंडे

महासमुंद : उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव शनिवार को महासमुंद प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने लोहिया चौक में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में जिले को 31 करोड़ 60 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। वहीं, शहर की बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री के दौरे का विरोध करते हुए उन्हें काले झंडे दिखाए।

नए बस स्टैंड और नगरीय कार्यालय के लिए बड़ी घोषणा

कार्यक्रम में अरुण साव ने कहा कि महासमुंद प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला है और आने वाले समय में इसे प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 12 हजार 666 करोड़ रुपए के पुल-पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें महासमुंद जिले के 468 कार्य शामिल हैं।

उप मुख्यमंत्री ने महासमुंद के नए बस स्टैंड को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपए और नए नगरीय कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही महासमुंद को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य भी दोहराया।

विकास कार्यों की घोषणा के बीच सड़कों को लेकर विरोध

उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर की जर्जर सड़कों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। अरुण साव का काफिला जैसे ही कार्यक्रम स्थल पहुंचा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाते हुए “उप मुख्यमंत्री वापस जाओ” के नारे लगाए।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि महासमुंद शहर की कई सड़कें लंबे समय से खराब हालत में हैं। जगह-जगह गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और हादसों का खतरा भी बना हुआ है। कांग्रेस ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जल्द मरम्मत और स्थायी समाधान की मांग की।

उप मुख्यमंत्री के दौरे में एक ओर विकास कार्यों की सौगात और नई घोषणाएं सामने आईं, तो दूसरी ओर सड़कों को लेकर कांग्रेस का विरोध भी देखने को मिला। इससे महासमुंद की सड़क व्यवस्था को लेकर सियासी खींचतान एक बार फिर सामने आ गई है।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर

पीजी पोर्टल में शिकायत के बाद भी नहीं मिल रहा न्याय, जाँच प्रणाली में सुधार की आवश्यकता, आजादी के 79 साल बाद भी शिकायत के जाँच में स्वतंत्रता नही.


अन्य सम्बंधित खबरें