जेल कॉम्प्लेक्स खाली कराने के नोटिस से भड़के दुकानदार, महापौर निवास का किया घेराव
रायगढ़ : जूटमिल थाना क्षेत्र स्थित जेल कॉम्प्लेक्स को तोड़कर नए स्वरूप में विकसित करने की प्रस्तावित योजना के बीच दुकानदारों का विरोध तेज हो गया है। नगर निगम की ओर से सात दिनों के भीतर दुकानें खाली करने का नोटिस मिलने के बाद शनिवार को व्यवसायी लामबंद हो गए और पहले नगर निगम कार्यालय, फिर महापौर निवास पहुंचकर विरोध जताया।
बिना वैकल्पिक व्यवस्था दुकान खाली कराने का विरोध
दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने पहले महापौर जीवर्धन चौहान से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी थी। व्यवसायियों ने मांग की थी कि कॉम्प्लेक्स के पीछे पहले उनके लिए वैकल्पिक दुकानों का निर्माण कराया जाए और इसके बाद वर्तमान दुकानों को हटाया जाए। दुकानदारों के मुताबिक, उस समय महापौर ने उनकी मांग पर सहमति जताई थी।
व्यवसायियों का आरोप है कि अब बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानें खाली करने का नोटिस जारी कर दिया गया है। शनिवार को सभी दुकानदार नगर निगम कार्यालय पहुंचे, लेकिन कार्यालय बंद होने के कारण उनकी अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद वे महापौर के निवास सेवा सदन पहुंचे, जहां ताला लगा मिलने पर दुकानदारों ने नाराजगी जताई।
16 साल की मेहनत के बाद खड़ा किया कारोबार
दुकानदारों का कहना है कि करीब 16 वर्षों तक संघर्ष करने के बाद उन्होंने इन दुकानों में अपना कारोबार व्यवस्थित किया है। यदि नया कॉम्प्लेक्स बनने में दो से तीन साल का समय लगता है, तो इस दौरान उनके सामने रोजी-रोटी और परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो जाएगा।
व्यवसायियों ने निगम प्रशासन से मांग की है कि पहले उनके पुनर्वास या वैकल्पिक दुकानों की व्यवस्था की जाए और उसके बाद ही वर्तमान दुकानों को हटाया जाए। उनका कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के दुकान खाली कराना उनके हित में नहीं है।