गरियाबंद में 400 किलो गांजा जब्त, पांच आरोपी गिरफ्तार, 2 करो... - CG Sandesh

गरियाबंद में 400 किलो गांजा जब्त, पांच आरोपी गिरफ्तार, 2 करोड़ के नशे के कारोबार का खुलासा

गरियाबंद : जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का 400 किलो गांजा जब्त किया है। ऑपरेशन निश्चय के तहत देवभोग के खुटगांव चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान ओडिशा से आ रहे आयशर वाहन से गांजा बरामद किया गया। मामले में पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, वाहन जांच के दौरान आयशर की छत पर काले तिरपाल के नीचे गांजा छिपाकर रखा गया था। तलाशी के दौरान करीब 400 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन सवार दो आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि उनके आगे ग्लैमर मोटरसाइकिल पर दो लोग रास्ता दिखाते हुए चल रहे थे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को भी पकड़ लिया।

जांच के दौरान गांजे की सप्लाई ओडिशा के कालाहांडी से होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद गरियाबंद पुलिस की टीम ने ओडिशा पहुंचकर कथित सप्लायर विनोद दिसारी को भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह मामले में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 400 किलो गांजे के अलावा करीब 20 लाख रुपये कीमत का आयशर वाहन, मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और गांजा कारोबार से जुड़ी 6 लाख 50 हजार रुपये की नकद राशि जब्त की है।

पुलिस की इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर

पीजी पोर्टल में शिकायत के बाद भी नहीं मिल रहा न्याय, जाँच प्रणाली में सुधार की आवश्यकता, आजादी के 79 साल बाद भी शिकायत के जाँच में स्वतंत्रता नही.


अन्य सम्बंधित खबरें