CG : पत्नी ने नहीं बनाई भाजी, तो पति ने कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र में पुलिस ने पेचीदे अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पत्नी की हत्या के बाद शव को घर के आंगन में जलाकर हड्डियों के अवशेष जमीन में दबा दिए थे और पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार ग्राम कुमा निवासी देवानंद सिदार ने 28 अप्रैल 2026 को अपनी पत्नी चमेली सिदार के 16 अप्रैल की रात घर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बयानों और व्यवहार में विरोधाभास मिला। परिजनों से पूछताछ के बाद संदेह पति पर गहराता गया। पूछताछ में सामने आया कि 16 अप्रैल की रात पत्नी ने भाजी नहीं बनाया था, जिसे लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। विवाद के दौरान देवानंद ने चमेली की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को आंगन में जलाया और हड्डियों को गड्ढे में पत्थर के नीचे दबा दिया।
मामले में एफएसएल अधिकारी की मौजूदगी में हड्डियों के अवशेष बरामद कर डीएनए परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट में अवशेषों की पहचान चमेली सिदार के रूप में हुई। इसके बाद 23 अगस्त को आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने तीन दिनों तक गांव के बाहर कैंप कर मुखबिर तंत्र सक्रिय रखा। अंततः आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।