नौकरी के नाम पर 2.09 लाख की ठगी, पामगढ़ पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा : पामगढ़ थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2 लाख 9 हजार 500 रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 वर्षीय आरोपी राहुल कुमार जाटवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर उसे 27 अगस्त 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
मामला ग्राम मेंहदा निवासी लीला मेहर से जुड़ा है। अगस्त 2025 में उनकी पहचान आरोपी राहुल कुमार जाटवर से हुई थी। आरोपी ने खुद को आबकारी विभाग में नौकरी लगवाने वाला व्यक्ति बताते हुए उन्हें सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया और इसके एवज में 6 लाख रुपये की मांग की।
नौकरी की उम्मीद में प्रार्थिया ने आरोपी को अलग-अलग नंबरों से फोन-पे के जरिए 1 लाख रुपये और 1 लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद अधिकारियों को पैसे देने के नाम पर आरोपी ने 9 हजार 500 रुपये और फोन-पे के जरिए ले लिए। इस तरह आरोपी ने कुल 2 लाख 9 हजार 500 रुपये ऐंठ लिए।
आरोपी ने मार्च 2026 तक नौकरी लग जाने का भरोसा दिलाया और प्रार्थिया को एक लाख रुपये का चेक भी दिया। लेकिन आबकारी विभाग की सूची में नाम नहीं आने पर जब प्रार्थिया ने रकम वापस मांगी, तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद पामगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसके द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पामगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश गया है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर पैसे का लेन-देन न करें।