चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस
जांजगीर-चांपा : नैला क्षेत्र में चाकू लहराकर आम लोगों के बीच दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों के खिलाफ जांजगीर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों मुकेश सूर्यवंशी और किशन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चाकू बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपी सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराते हुए लोगों को डराने-धमकाने का काम कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चाकू भी बरामद किया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस भी निकाला। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई का उद्देश्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।