CG: रविवार बना हादसों का दिन, दो घटनाओं में 2 की मौत, पिकअप वाहन से अस्पताल ले जाया गया शव, ग्रामीणों में रोष
रायगढ़। जिले में रविवार का दिन दो अलग-अलग सड़क हादसों के चलते दर्दनाक रहा। दोनों घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पहली घटना कोतरा रोड थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज की है। 68 वर्षीय रुपचंद नायक अपनी पत्नी रामवती नायक के साथ अपने गृह ग्राम कुसमुरा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रुपचंद नायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी रामवती नायक गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को उपचार के लिए अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कोतरा रोड थाना के बगल स्थित ओवरब्रिज पर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर तहसीलदार शिव डनसेना, यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण मौके पर ही पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े रहे। करीब चार घंटे तक सड़क के दोनों ओर जाम की स्थिति बनी रही।
वहीं दूसरी घटना ढिमरापुर चौक की है। नंद कुमारी सिंह रक्षाबंधन पर बिरकोनी गांव गई थीं और अपने पति राजकुमार सिंह, जो सहायक असिस्टेंट फीडर हैं, के साथ वापस लौट रही थीं। इसी दौरान स्कूटी फिसलने से नंद कुमारी सड़क पर गिर गईं। तभी वहां से गुजर रहे भारी ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। करीब एक घंटे बाद पुलिस पहुंची तब शव को पिकअप वाहन से पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। विडंबना यह है कि शासन के द्वारा एंबुलेंस वाहन तक का प्रबंध नहीं किया गया। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।