साइकिल से वार्डों का दौरा, कायाघाट में आंगनबाड़ी भवन का भूमिपूजन
रायगढ़ : शहर की मूलभूत सुविधाओं और आम लोगों की समस्याओं को करीब से जानने के लिए रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान लगातार वार्डों का दौरा कर रहे हैं। सोमवार को महापौर साइकिल से वार्ड क्रमांक 42 बजरंग पारा कॉलोनी पहुंचे और औचक निरीक्षण कर सफाई, पानी, बिजली और नाली व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पार्षद उस्त भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। महापौर ने मौके पर कीचड़, कचरे और नालियों की स्थिति का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि पद पर बैठने का मतलब सिर्फ कार्यालय में रहना नहीं है, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में साफ-सफाई, सड़क, नाली, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर करना उनकी प्राथमिकता है।
इसी क्रम में महापौर ने वार्ड क्रमांक 29 के कायाघाट केंद्र-बी में 12 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आंगनबाड़ी भवन का भूमिपूजन किया। इस दौरान पार्षद जानकी भारद्वाज, भाजपा नेता आशीष ताम्रकार सहित जनप्रतिनिधि और वार्डवासी मौजूद रहे।
महापौर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और सर्वांगीण विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि उपयुक्त भूमि उपलब्ध होने पर शहर के अन्य वार्डों में भी आंगनबाड़ी भवन बनाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओमप्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में शहर में चल रहे विकास कार्यों को गति मिलने की बात कही।