यादव समाज ने निकाली भव्य श्रीकृष्ण झंडा यात्रा
रायगढ़ : जन्माष्टमी पर्व से पहले रायगढ़ जिला यादव समाज की ओर से भगवान श्रीकृष्ण के प्रति आस्था और भक्ति का संदेश देते हुए भव्य श्रीकृष्ण झंडा यात्रा निकाली गई। यात्रा में समाज के महिला, पुरुष, युवा, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। हाथों में श्रीकृष्ण के झंडे लिए श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए और जगह-जगह जय श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजते रहे।
यात्रा में रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान भी साथी पार्षदों के साथ शामिल हुए और समाजजनों का उत्साह बढ़ाया। यादव समाज के राष्ट्रीय सचिव डी.आर. यादव ने समाज के लोगों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए समाज की ओर से किए जा रहे सामाजिक और प्रेरणादायक कार्यों की सराहना की।
श्रीकृष्ण झंडा यात्रा स्टेशन चौक स्थित शासकीय नटवर स्कूल से शुरू हुई। इसके बाद यात्रा सुभाष चौक, मंदिर चौक होते हुए कोष्टापारा पहुंची। यहां पार्षद जयंत ठेंठवार और उनके युवा साथियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की। इसके बाद यात्रा चांदनी चौक होते हुए राजा महल पहुंची, जहां यादव समाज की ओर से श्रद्धालुओं के लिए नाश्ते का प्रबंध किया गया।
नाश्ते के बाद श्रद्धालु हाथों में श्रीकृष्ण के झंडे लेकर रामपुर स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान यादव समाज की पारंपरिक संस्कृति की भी झलक देखने को मिली। राउत नाचा, कीर्तन मंडली और आकर्षक झांकियां लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
पूरे यात्रा मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। श्रीकृष्ण झंडा यात्रा के माध्यम से यादव समाज ने अपनी धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता और पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया।