बिलासपुर में कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर हमले के बाद चरणदास महंत ने की मुलाकात, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
बिलासपुर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्याम कश्यप पर हुए हमले के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने श्याम कश्यप से मुलाकात कर उनकी सेहत की जानकारी ली। इस दौरान महंत ने प्रदेश में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला।
मीडिया से चर्चा करते हुए चरणदास महंत ने कहा कि श्याम कश्यप उनके पुराने मित्र हैं और घटना की जानकारी मिलते ही वे उनका हालचाल जानने बिलासपुर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि अपराध की घटनाएं केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही हैं।
महंत ने आरोप लगाया कि कभी शांतिपूर्ण माना जाने वाला बिलासपुर अब आए दिन होने वाले विवाद, मारपीट और गुंडागर्दी की घटनाओं से चिंतित है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में भी गंभीर अपराध सामने आ रहे हैं, जिससे आम जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
नशे के कारोबार को बताया अपराध बढ़ने की बड़ी वजह
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों के पीछे नशे के बढ़ते कारोबार को प्रमुख वजह बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में सूखे नशे और नशीली दवाओं की उपलब्धता बढ़ने से हत्या, मारपीट और पारिवारिक हिंसा जैसी घटनाओं में इजाफा हो रहा है।
महंत ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार शराब और नशे से राजस्व कमाने में लगी है, जबकि आम जनता की सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि जब तक नशे के कारोबार पर प्रभावी तरीके से लगाम नहीं लगाई जाती, तब तक आपराधिक घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाना मुश्किल होगा।
श्याम कश्यप से मुलाकात के बाद महंत के इन बयानों ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और नशे के कारोबार को लेकर राजनीतिक बहस को एक बार फिर तेज कर दिया है।