मारपीट कर चांदी की चेन लूटने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, लूटी गई चेन बरामद
जांजगीर-चांपा : जिले के नैला चौकी क्षेत्र में मारपीट कर चांदी की चेन लूटने के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात के आरोपी कोमल कश्यप उर्फ माऊ (19) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूटी गई 42 ग्राम वजन की चांदी की चेन, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई है।
बुलाकर की मारपीट, फिर चेन लूटकर हुआ फरार
पुलिस के मुताबिक घटना 30 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 3:20 बजे की है। नैला वार्ड नंबर 5 निवासी रामप्रकाश यादव को मनीष कश्यप ने फोन कर सुल्तान नगर स्थित ईश्वरी यादव के घर के पास बुलाया था। रामप्रकाश वहां पहुंचकर बातचीत कर ही रहा था, तभी नैला वार्ड नंबर 4 निवासी कोमल कश्यप उर्फ माऊ मौके पर पहुंच गया।
आरोप है कि पुरानी बात को लेकर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए रामप्रकाश के साथ हाथ-मुक्के और बेल्ट से मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उसके गले में पहनी चांदी की चेन जबरदस्ती लूट ली और मौके से फरार हो गया।
जूना तालाब के पास दबोचा गया आरोपी
घटना की शिकायत मिलते ही नैला चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जूना तालाब के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर उसके घर से 42 ग्राम की चांदी की चेन बरामद कर ली गई।
पहले भी लूट के मामलों में जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कोमल कश्यप उर्फ माऊ पूर्व में भी लूट के दो मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।