रायगढ़ में 2 सितंबर से शुरू होगा 28वां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी ... - CG Sandesh

रायगढ़ में 2 सितंबर से शुरू होगा 28वां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, भव्य झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

रायगढ़ : भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर रायगढ़ में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। श्री श्याम मंडल रायगढ़ की ओर से इस वर्ष 2 से 6 सितंबर तक पांच दिवसीय 28वें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्री श्याम मंडल की ओर से पत्रकार वार्ता आयोजित कर महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। महोत्सव का शुभारंभ 2 सितंबर को ओघड़ संत पूज्यपाद श्री प्रियदर्शी राम जी के पावन सानिध्य एवं विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में होगा।

12 हजार वर्गफुट में तैयार हुआ वाटरप्रूफ पंडाल

महोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए श्याम बगीची परिसर में करीब 12 हजार वर्गफुट का वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। यहां श्रद्धालुओं के लिए भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और विभिन्न सामाजिक संदेशों पर आधारित आकर्षक स्वचालित झांकियां तैयार की जा रही हैं।

इन झांकियों में सिद्धि विनायक गणेश जी, कृष्ण-सुदामा मिलन, कृष्ण जी का गौ प्रेम, गोपियों संग रासलीला और कर्माबाई का प्रभु प्रेम प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके अलावा विराट हनुमानजी पहाड़ मंदिर और डोरेमोन ड्रीम सिटी की झांकियां भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगी।

धार्मिक झांकियों के साथ सामाजिक संदेश भी

इस बार महोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी देखने को मिलेगा। साइबर क्राइम से बचाव और जुआ-सट्टा नियंत्रण जैसे विषयों पर आधारित झांकियों के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। वहीं छत्तीसगढ़ की संस्कृति और अमरनाथ यात्रा पर आधारित विशेष झांकियां भी महोत्सव में आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

फूल बंगला और बांके बिहारी जी के दर्शन होंगे खास

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए लड्डू गोपाल झूला, राधा-कृष्ण झूला और वृंदावन के बांके बिहारी जी के दर्शन की व्यवस्था रहेगी। इस बार फूल बंगला विशेष आकर्षण का केंद्र होगा, जिसे कोलकाता के कलाकार भव्य स्वरूप दे रहे हैं।

वहीं स्वचालित झांकियों को दुर्ग-अंजोरा के कलाकार तैयार कर रहे हैं। इससे महोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ कला और तकनीक का भी अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

सुरक्षा के लिए हाईटेक इंतजाम

महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। परिसर में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था रहेगी। पुलिस और ट्रैफिक विभाग का भी सहयोग लिया जाएगा, ताकि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

4 सितंबर को मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

महोत्सव का मुख्य आकर्षण 4 सितंबर को जन्माष्टमी के दिन रहेगा। इस दौरान भजन-कीर्तन, 56 भोग, माखन-मिश्री का भोग और पुष्पवर्षा के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।

पांच दिवसीय यह महोत्सव 2 सितंबर से शुरू होकर 6 सितंबर को संपन्न होगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने की अपील की है।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर

पीजी पोर्टल में शिकायत के बाद भी नहीं मिल रहा न्याय, जाँच प्रणाली में सुधार की आवश्यकता, आजादी के 79 साल बाद भी शिकायत के जाँच में स्वतंत्रता नही.


अन्य सम्बंधित खबरें