रायगढ़ : रामलीला मैदान में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, बड़ी संख्या में लोगों ने कराया चेकअप
रायगढ़ : शहर के रामलीला मैदान में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य की जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श लिया। इस दौरान डॉक्टर सृष्टि एम. दीक्षित ने लोगों के रक्तचाप, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जरूरी सावधानियों की जानकारी दी।
बदलती जीवनशैली से बढ़ रही स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं
डॉ. सृष्टि एम. दीक्षित ने कहा कि बदलती जीवनशैली और अनियमित दिनचर्या के कारण लोग कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं की चपेट में आ रहे हैं। लंबे समय तक बैठे रहना, शारीरिक गतिविधियों की कमी और अनियमित दिनचर्या का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने लोगों से अपनी दिनचर्या में नियमित व्यायाम को शामिल करने की अपील की। खासतौर पर बीपी और शुगर से पीड़ित लोगों को अपनी सेहत के प्रति अधिक सावधानी बरतने और पर्याप्त नींद लेने की सलाह दी गई। इसके साथ ही संतुलित खान-पान और व्यवस्थित दिनचर्या को भी जरूरी बताया गया।
शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य भी जरूरी
डॉ. दीक्षित ने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लोग अब फिजिकल हेल्थ को लेकर जागरूक हो रहे हैं, लेकिन मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी उतनी ही जरूरी है।
उन्होंने लोगों से तनाव कम करने, सकारात्मक सोच रखने और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने पर ध्यान देने की अपील की। शिविर के दौरान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह भी दी गई।